ट्रेनों के शौचालय तक यात्रियों की भीड से ठसाठस भरे...
होली मनाने बड़ी संख्या में मथुरा-वृंदावन के लिए रवाना हो रहे लोग
ग्वालियर। होली का जश्न मनाने के लिए लोगों में खासा उत्साह बना हुआ है। इसको लेकर लोग तेजी से तैयारी में जुटे हुए हैं। होली के अगले दो दिन छुट्टी होने से लोगों का उत्साह दोगुना हो चुका है। बड़ी संख्या में लोग भगवान के साथ होली मनाने के लिए मथुरा-वृंदावन रवाना हो रहे हैं। होली से पहले ही ग्वालियर से दिल्ली, मुंबई, भोपाल, कानपुर, चंडीगढ़ की ओर जाने वाली अधिकांश ट्रेनें फुल हो चुकी हैं। ट्रेनों के फुल होने के कारण अब यात्रियों के पास सिर्फ तत्काल ही सहारा बचा हुआ है। हालात यह हैं कि ग्वालियर से गुजरने वाली ट्रेनों के शौचालय तक यात्रियों की भीड से ठसाठस भरे हुए हैं। होलिका दहन आज 13 मार्च गुरुवार को होगा।
अगले दिन शुक्रवार को लोग एक-दूसरों को रंगों में डुबोकर होली मनाएंगे। अगले दिन शनिवार और रविवार की छुट्टी पड़ेगी। इसके चलते लोगों का उत्साह दोगुना है और होली के बाद लगातार दो दिन पड रही छुट्टियों के कारण ट्रेनों और बसों में भी यात्रियों का लोड बढ गया है। बस संचालक यात्रियों से मनमाना किराया वसूल रहे हैं। कई बस संचालकों ने किराया दोगुने से अधिक कर दिया है। होली पर घर जाने के लिए यात्रियों की भीड़ रेलवे स्टेशन पर उमड़ रही है। भीड़ के कारण यात्रियों को ट्रेनों में जगह नहीं मिल रही है। हाल यह है कि भीड़ के चलते यात्री ट्रेनों के कोचों में भी नहीं घुस पा रहे हैं। भीड़ के कारण सबसे ज्यादा परेशानी उन यात्रियों को हो रही है जो रिजर्वेशन कराकर यात्रा कर रहे हैं। भीड़ के चलते कई यात्री अपने कोचों में भी सवार नहीं हो सके।
ग्वालियर से इंदौर, आगरा, दिल्ली, चंडीगढ़, इटावा, भिंड, भोपाल, कानपुर, गुना, अशोकनगर की ओर जाने वाली बसें भी इन दिनों फुल चल रही हैं। भीड़ के चलते बस संचालक यात्रियों से मनमाना किराया वसूल रहे हैं। ग्वालियर से विभिन्न शहरों की ओर जाने वाली बसों का किराया सामान्य दिनों की अपेक्षा दो गुना हो गया है। बसों में यात्रियों की भीड़ के कारणगैलरी में खड़े होने के लिए जगह नहीं मिल रही है। बसों और ट्रेन के साथ ही यहां से चलने वाली प्राइवेट टैक्सियों के दाम भी बढ़ा दिए हैं। ग्वालियर से आस-पास के शहरों में जाने के लिए यात्रियों से मनमाना किराया वसूला जा रहा है। हालात यह हैं कि कोई टैक्सी चालक दोगुने और तीन गुने किराया वसूल रहे हैं।
0 Comments