G.NEWS 24 : पुलिस ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर 110 महिला अधिकारी एवं कर्मचारियों का किया सम्मान

हमारी जिम्मेदारी है कि हम महिलाओं व आमजनों के लिए एक सुरक्षित वातावरण बनाएं...

पुलिस ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर 110 महिला अधिकारी एवं कर्मचारियों का किया सम्मान

ग्वालियर। दिनांक 08.03.2022 को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह के निर्देश पर अति. पुलिस अधीक्षक (मध्य) श्रीमती सुमन गुर्जर के मार्गदर्शन में पुलिस लाइन ग्वालियर के सामुदायिक भवन में जिला पुलिस ग्वालियर एवं एसोसिएशन ऑफ ग्वालियर यूथ सोसाइटी के संयुक्त तत्वावधान में महिला सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अति. पुलिस अधीक्षक आयुष गुप्ता(भापुसे), अति. पुलिस अधीक्षक शहर (पश्चिम) गजेन्द्र सिंह वर्धमान, अति. पुलिस अधीक्षक शहर (देहात) निरंजन शर्मा, उप पुलिस अधीक्षक महिला सुरक्षा श्रीमती किरण अहिरवार, रक्षित निरीक्षक ग्वालियर रणजीत सिंह सिकरवार सहित जिले की समस्त महिला पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक ग्वालियर धर्मवीर सिंह द्वारा अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर सभी महिला पुलिस अधिकारी व कर्मचारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज वह दिन है जब हमें विचार करना चाहिये कि क्या आज का वातावरण महिलाओं के लिये सुरक्षित है, पुलिस होने के नाते हमारी जिम्मेदारी है कि हम महिलाओं व आमजनों के लिए एक सुरक्षित वातावरण बनाएं। एसपी ग्वालियर ने कहा कि आज के समय में महिलाओं को आर्थिक और शैक्षणिक रूप से मजबूत होना चाहिए, जिसके लिये सरकार द्वारा विभिन्न प्रयास निरंतर किये जा रहे है। आज महिला इतनी सशक्त हो चुकीं हैं कि वह अपनी प्रतिभा से प्रत्येक क्षेत्र में आगे बढ़कर देश का गौरव बढ़ाने के साथ न केवल पारिवारिक परिस्थिति सुधारने अपितु राष्ट्र निर्माण के लिए अहम भूमिका निभा रही है। हमारे पुलिस विभाग में भी कई महिला अधिकारी कर्मचारी है जो पुरूषों से अच्छा कार्य कर रही हैं, पुलिस विभाग में महिलाओं की उपस्थिती इस बात का विश्वास दिलाती है कि हम संवेदनशील पुलिसिंग की ओर बढ़ रहे हैं।

 उन्होने कहा कि आज इस अवसर पर हम सभी पुलिसकर्मियों को अपनी जिम्मेदारी समझना होगी और महिला सुरक्षा एवं महिलाओं की समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता को बढाना होगा। एसपी ग्वालियर ने अपने उद्बोधन के अंत में कहा कि एसोसिएशन ऑफ ग्वालियर यूथ सोसाइटी हमेशा पुलिस व प्रशासन को सहयोग प्रदान करती आ रही है जिसके लिये बधाई की पात्र है। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर पुलिस अधीक्षक ग्वालियर धर्मवीर सिंह,भापुसे के द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने वाली ग्वालियर जिले की 110 महिला पुलिस अधिकारी तथा कर्मचारियों को शाल, स्मृति चिन्ह एवं प्रशंसा पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। 

इस आयोजन में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी तथा ऊर्जा डेस्क प्रभारी, एसपी आफिस की विभिन्न शाखाओं में पदस्थ महिला अधिकारी व कर्मचारी, नगर रक्षा समिति, काउंसलर आदि क्षेत्रों में उल्लेखनीय करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अवसर पर महिला पुलिस अधिकारियों को हेलमेट भी वितरित किये गये। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर पुलिस अधीक्षक ग्वालियर धर्मवीर सिंह,भापुसे के निर्देश पर बहोड़ापुर स्थित पुलिस पेट्रोल पम्प पर शक्ति दीदी योजना के तहत महिलाओं को पम्प ऑपरेटर के रूप में लगाया गया और आज पेट्रोल पम्प पर जाकर पुलिस अधीक्षक ग्वालियर एवं अति. पुलिस अधीक्षक श्रीमती सुमन गुर्जर द्वारा महिला पम्प ऑपरेटर का सम्मान किया गया। 

इस अवसर पर रक्षित निरीक्षक ग्वालियर, सूबेदार अनुपम भदौरिया, सूबेदार प्रेम राठौर उपस्थित रहे। महिलाएं पम्प ऑपरेटर सुबह 09 बजे से शाम 05 बजे तक काम करेंगी। महिलाओं के काम करने से पंप परिसर में सकारात्मक माहौल बना रहेगा और काम में पारदर्शिता आएगी। 9 मार्च होगा मेडिकल चेकअप कैम्प - सामुदायिक भवन डीआरपी लाइन ग्वालियर में दिनांक 09.03.2025 को प्रातः 10 बजे से दोपहर 01 बजे तक मेडिकल चेकअप कैंप आयोजित किया जाएगा, इसमें निःशुल्क परामर्श वीपी, शुगर, ईसीजी, आंखों का चेकअप शिविर लगाकर किया जाएगा।

Reactions

Post a Comment

0 Comments