अभी 9 दिवस शेष...
निगम ने वित्तीय वर्ष में पहली बार वसूला 100 करोड़ संपत्तिकर
ग्वालियर। नगर निगम ग्वालियर द्वारा वित्तीय वर्ष में संपत्ति कर वसूली में पिछले 5 वर्षों की अपेक्षा सर्वाधिक 100 करोड रिकार्ड सम्पत्तिकर वसूली कर म.प्र. के 4 नगरीय निकायों के 100 करोड के क्लब में शामिल हुआ है। यह महत्वपूर्ण उपलब्धि है। नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय के निर्देशानुसार सभी अधिकारी एवं कर्मचारी क्षेत्र में अभियान चलाकर संपत्तिकर वसूल रहे है। उसी का परिणाम है कि वित्तीय वर्ष में 100 करोड़ से ऊपर अभी तक संपत्तिकर वसूला जा सका है।
इस वर्ष 110 करोड का लक्ष्य हासिल करना है। इसके लिए 31 मार्च तक संपत्तिकर शिविर आयोजित किए जा रहे है। अभी 9 दिवस शेष है हम प्रति दिवस 1.12 करोड का लक्ष्य निर्धारित कर वसूली कर रहे है। निगमायुक्त ने बताया कि लक्ष्य के अनुरूप संपत्तिकर वसूली के लिए व्रहद स्तर पर व्यवस्था की है, जिसमें एक टीम वार्ड पर बैठकर वसूली करेगी, एक टीम कालौनी में कैम्प लगाकर वसूली करेगी। एक टीम सहायक सम्पत्तिकर अधिकारी की है वह वार्ड के बड़े बकायेदारों को उनके पास उपलब्ध सूची अनुसार चिन्हित कर उन पर कार्यवाही कर वसूली करेगी जिसमें भवन अधिकारी, क्षेत्राधिकारी, मदाखलत सहयोग करेंगे।
ऐसे बकायेदार जो कई वर्षों से कर जमा नहीं कर रहे हैं उनकी सम्पत्ति को अटैच कर, ढोल आदि बजाकर बकाया वसूली की कार्यवाही की जायेगी। एक टीम उपायुक्त की है जो केन्द्र एवं राज्य शासन की सम्पत्तियों पर जाकर आवश्यक कार्यवाही करेगी। मुख्यालय स्तर पर मानीटरिंग एवं समन्वय हेतु कन्ट्रोल रूम है जिससे वसूली में आने वाली परेशानी का त्वरित आवश्यक नियमों एवं तकनीकी समन्वय से फ़ील्ड में तैनात अमले का सहयोग किया जाता है साथ ही केन्द्र एवं राज्य शासन की सम्पत्तियों पर बकाये वसूली के लिये पत्राचार किया जा रहा है एवं प्रति दिवस फ़ील्ड में करने वाले कर संग्राहकों, ए.पी.टी.ओ. के कार्य की समीक्षा हेतु एम.आई.एस. तैयार कर रिपोर्ट की जाती है।
म.प्र.शासन द्वारा ई नगर पालिका पोर्टल शुरु किया गया है जिसपर नागरिक घर बैठे यू.पी.आई., डेबिट/क्रेडिट कार्ट/आर.टी.जी.एस./एन.ई.एफ.टी. द्वारा भी सम्पत्तिकर भुगतान ई नगर पालिका पोर्टल जाकर आनलाइन जमा कर सकते है। वर्तमान वर्ष में भी करीब 10 हजार नागरिकों द्वारा 6 करोड से अधिक राशि आनलाईन जमा कराया गया है। आगामी वर्ष में हमारे द्वारा नवाचार के तहत सार्वजनिक स्थानों जैसे कलेक्ट्रेट, संभागायुक्त कार्यालय, स्टेशन, एयरपोर्ट, नवीन बस स्टेण्ड, माल, बडे बैंकों में भी आनलाईन कियोस्क जिसमें व्यक्ति अपनी आई.डी. भरकर आनलाईन टैक्स जमा कर सके और रसीद उसके व्हाट्सप न./ईमैल पर डाऊनलोड हो जाये, इस हेतु बैंक या अन्य संस्थाओं से बात कर प्लानिंग की जा रही है।
आगामी वर्ष में हमारा लक्ष्य सम्पत्तिकर वसूली को 150 करोड करने पर रहेगा इस हेतु हमने प्लानिंग कर ली है जिसमें मैदानी अमले को सर्व साधन सम्पन्न किया जायेगा एवं अधिक कर जमा करने वाले वार्डों में अच्छी वसूली करने वाले कर संग्राहक एवं ए.पी.टी.ओ. को तैनात किया जायेगा इसके अलावा यह प्रयास रहेगा कि करदाता घर बैठे ही आनलाईन कर जमा करे इसका व्यापक प्रचार प्रसार भी किया जावेगा।
एक प्लान यह भी है कि हर वार्ड में 200-300 करदाता पर 1 कर्मचारी सम्पत्तिकर एवं जलकर वसूली हेतु तैनात किया जायेगा। गत वर्षों की तुलना में वर्तमान वर्ष 2024 -25 में संपत्तिकर वसूली रिकॉर्ड होने का तुलनात्मक अध्ययन करे तो वर्ष 2020- 21 में 59.98 करोड़, वर्ष 2021- 22 में 81.10 करोड़, वर्ष 2022-23 में 97.47 करोड़, वर्ष 2023-24 में 92.41 करोड़ एवं वर्ष 2024 - 25 में दिनांक 22 मार्च 2025 तक 100 करोड़ रुपए संपत्तिकार वसूला गया।
0 Comments