श्री मोदी जी के नेतृत्व में नारी सशक्तिकरण का करेंगे हर संभव प्रयास...
प्रदेश से शुरू हुई मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना का देश में हो रहा है अभिनंदन : सीएम
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को समर्थ और सशक्त बनाने के लिए हर संभव प्रयास जारी हैं। उन्होंने कहा कि सशक्त नारी से ही प्रदेश और देश आज न केवल सशक्त बन रहा है, बल्कि समृद्ध भी हो रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि महिलाओं को अधिकार देने से समाज में सकारात्मक बदलाव आते हैं। भारत विश्व का एक मात्र ऐसा देश है जो अनादिकाल से मातृ शक्ति का सम्मान करता रहा है। सनातन संस्कृति में शक्ति, धन आदि को देवियों के माध्यम से अभिव्यक्त किया गया है। अगले लोकसभा चुनाव के बाद संसद में महिलाओं को मिले 33 प्रतिशत आरक्षण की शक्ति परिलक्षित होगी और देश का संचालन महिलाओं के हाथों में होगा। नारी सशक्तिकरण के लिये सरकारी नौकरियों में आरक्षण 33 प्रतिशत से बढ़ाकर अब प्रदेश में 35 प्रतिशत आरक्षण दिया जा रहा है।
महिलाओं को संपत्ति के रजिस्ट्रेशन में भी एक प्रतिशत की छूट दी गई है। परिणामस्वरूप बड़ी संख्या में सम्पत्तियों का पंजीयन महिलाओं के नाम पर हो रहा है। प्रदेश में 44 फीसदी स्टार्ट-अप महिलाओं द्वारा संचालित किए जा रहे हैं। राज्य सरकार महिला उद्यमिता को भी प्रोत्साहित कर रही है। प्रदेश में स्व-सहायता समूहों की संख्या 5 लाख से अधिक है। बहनों को उद्योग स्थापना के लिए बैंक लोन में अनुदान भी दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ के बाद संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कार्यक्रम में महिला बाल विकास विभाग के राज्य स्तरीय पुरस्कार भी वितरित किये। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर आयोजित स्व-सहायता सम्मेलन में दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना में एक हजार युवतियों को नियुक्ति पत्र प्रदान करने के साथ डिजिटल ई-न्यूज लेटर "आजीविका अनुभूति" का विमोचन किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सीहोर जिले के समूह सदस्यों को 200 ई-सायकिल वितरित करने के साथ आजीविका मिशन के चलित जैविक हाट बाजार के 3 वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना भी किया। कार्यक्रम में तुलसी का पौधा भेंटकर अतिथियों का स्वागत किया गया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार बहनों की जिंदगी बेहतर करने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। एक करोड़ 27 लाख बहनों के खाते में 1552.73 करोड़ रूपये की राशि अंतरित की गई है। पिछले एक वर्ष जनवरी 2024 से फरवरी 2025 तक लाड़ली बहनों के खाते में 22 हजार 227.89 करोड़ रूपये की राशि अंतरित की गई है। हम हर महीने लाड़ली बहनों के खातों में राशि भेजकर रक्षाबंधन मना रहे हैं। लाड़ली बहना योजना कभी नहीं रुकेगी, राज्य सरकार के पास संसाधनों की कोई कमी नहीं होगी। नारी सशक्तिकरण के लिए प्रदेश से आरंभ की गई इस योजना का देशभर में अभिनंदन हो रहा है। प्रधानमंत्री श्री मोदी के मार्गदर्शन में 29 लाख बहनों को प्रधानमंत्री उज्जवला गैस योजना की 55 करोड़ 95 लाख की अनुदान राशि सिलेंडर रिफिलिंग के लिए अंतरित की गई है। अब तक 825 करोड़ की राशि बहनों को जारी की जा चुकी है।
उज्जवला गैस कनेक्शन के अंतर्गत जारी राशि से महिलाओं को प्रतिदिन ईंधन जुटाने की मजबूरी से मुक्ति मिली है। नारी सशक्तिकरण के लिए चल रहे अभियान में यह गतिविधियां महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। इस दिशा में राज्य सरकार अपने प्रत्येक संकल्प को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ज्ञान पर ध्यान के अंतर्गत गरीब, युवा, किसान सहित नारी सशक्तिकरण के लिए जारी विशेष प्रयासों के लिए प्रधानमंत्री श्री मोदी का आभार माना। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में हमारी सरकार जो कह रही है वह करके दिखा रही है। जब हम विकसित भारत@2047 के लक्ष्य को पूरा करेंगे तो इसमें मध्यप्रदेश का योगदान अहम होगा और राज्य देश में नंबर-1 बन चुका होगा।
सांसद वी.डी. शर्मा ने कहा कि आगामी समय 'वुमेन लेड गवर्मेंट' का है। भारत महिलाओं के नेतृत्व वाले विकास को आगे बढ़ाने और लैगिंक समानता को बढ़ावा देने में सबसे आगे रहा है। महिलाओं के नेतृत्व को बढ़ावा देने के लिये प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में कई तरह के प्रयास किये जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के स्व-सहायता समूहों के उत्पादों की प्रदर्शनी का शुभारंभ कर स्टॉल्स का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आजीविका मिशन के भोपाल शहर में संचालित होने वाले चलित जैविक हाट बाजार के 3 वाहनों को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर महिला बाल विकास विभाग के राज्य स्तरीय पुरस्कार वितरित किये। इसमें सभी विजेताओं को एक-एक लाख रूपये की सम्मान निधि के साथ प्रतीक चिन्ह और प्रशस्ति-पत्र प्रदान किये गये। उन्होंने इंदौर की श्रीमती माधुरी मोयदे को 12 वर्ष की बालिका को बुजुर्ग पड़ोसी के शोषण से बचाने के लिये राष्ट्रमाता पद्मावती पुरस्कार, वर्ष 2023 के राजमाता विजयाराजे सिंधिया समाज सेवा पुरस्कार श्योपुर की कोमल किन्नर को विगत 15 वर्षों से बालिकाओं की शिक्षा और अपने आश्रम से सामाजिक कुरितियों को समाप्त करने, बैतूल की श्रीमती भारती अग्रवाल को शहरी क्षेत्र में 158 और ग्रामीण क्षेत्र में 868 स्व-सहायता समूहों का गठन एवं सेनेटरी पैड्स के निर्माण और वितरण एवं कौशल उन्नत प्रशिक्षण कार्यक्रम के संचालन के लिये वर्ष 2024 के राजमाता विजयाराजे सिंधिया समाजसेवा पुरस्कार, मंदसौर जिले की अनामिका फाउंडेशन की संस्थापक एवं सामाजिक कार्यकर्ता श्रीमती अनामिका जैन को रानी अंवती बाई वीरता पुरस्कार।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इंदौर के महेन्द्र पाठक को विष्णु कुमार महिला एवं बाल कल्याण समाज सेवा सम्मान पुरस्कार से सम्मानित किया। श्री पाठक ने 20 वर्षों से सतत् बाल विवाह विरोधी उडन दस्ते के संयोजक के रूप में कार्य करते हुए 1200 से अधिक बाल विवाह रोके हैं। उनका नाम इसके लिये गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में भी दर्ज है। पुरस्कार स्वरूप उन्हें भी एक लाख रूपये की सम्मान निधि, प्रतीक चिन्ह और प्रशस्ति-पत्र से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने छतरपुर जिले की आंगनवाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती अर्चना यादव, राजगढ़ जिले की सोलो सायक्लिस्ट सुश्री आशा मालवीय और धार जिले के वन स्टॉप सेंटर की श्रीमती चेतना राठौर को भी उल्लेखनीय कार्य करने के लिये सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेश के छह प्रमुख शहरों भोपाल, इन्दौर, ग्वालियर, जबलपुर, उज्जैन एवं धार में जैविक हाट बाजारों का शुभारंभ सिंगल क्लिक से किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने वित्तीय साक्षरता अभियान का शुभारंभ, दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना (डीडीयूजीकेवाय) अंतर्गत विशेष रूप से युवितयों के लिये 05 प्रशिक्षण बैच, आरसेटी के माध्यम से बालाघाट, डिण्डोरी एवं अलीराजपुर जिलों में पारंपरिक कला एवं शिल्प के प्रोत्साहन हेतु कौशल प्रशिक्षण का डिजिटल शुभारंभ किया।
कार्यक्रम में सांसद आलोक शर्मा, विधायक रामेश्वर शर्मा तथा भगवान दास सबनानी, प्रमुख सचिव महिला बाल विकास श्रीमती रश्मि अरूण शमी, प्रमुख सचिव पंचायत एवं ग्रामीण विकास, आयुक्त महिला बाल विकास श्रीमती सूफिया फारूख वली भी मौजूद रहीं।
0 Comments