G.NEWS 24 : वरिष्ठ पत्रकार रामकिशन कटारे का हुआ निधन

प्रभारी मंत्री, जनसंपर्क परिवार एवं पत्रकारगणों ने दी श्रद्धांजलि...

वरिष्ठ पत्रकार रामकिशन कटारे का हुआ निधन

ग्वालियर। ग्वालियर के वरिष्ठ पत्रकार रामकिशन कटारे के निधन पर उप संचालक जनसंपर्क मधु सोलापुरकर सहित सम्पूर्ण जनंसपर्क परिवार ने शोक व्यक्त कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। नई दिल्ली के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान बुधवार को लगभग 57 वर्ष की उम्र में रामकिशन कटारे ने अंतिम सांस ली।

स्व. रामकिशन कटारे अपने पीछे अपनी धर्मपत्नी एवं एक पुत्र व पुत्री छोड़कर गए हैं। स्व. कटारे जी ने नवभारत, नवप्रभात व वीर अर्जुन सहित अन्य समाचार पत्रों से जुड़कर सकारात्मक पत्रकारिता की। उनके निधन की खबर सुनकर पत्रकार जगत एवं उनके चाहने वालों में शोक की लहर दौड़ गई। शहर के वरिष्ठ पत्रकारों ने स्व. कटारे जी के निधन पर गहरा दु:ख जताया है। 

जिले के प्रभारी एवं जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने भी वरिष्ठ पत्रकार रामकिशन कटारे के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने ईश्वर से स्व. कटारे की आत्मा की शांति और उनके परिवार को यह घोर दु:ख सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की है। उन्होंने अपने शोक संदेश में कहा है कि स्व. कटारे सकारात्मक पत्रकारिता के लिये जाने जाते थे और वे मीडिया जगत की लोकप्रिय शख्शियत थे। 

इसी क्रम में महापौर डॉक्टर शोभा सतीश सिंह सिकरवार एवं सभापति मनोज तोमर ने भी वरिष्ठ पत्रकार रामकिशन कटारे के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने ईश्वर से स्व. कटारे की आत्मा की शांति और उनके परिवार को यह घोर दु:ख सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की है। उन्होंने अपने शोक संदेश में कहा है कि स्व. कटारे ने काफी लंबे समय तक शहर के विकास एवं सकारात्मक सोच के साथ पत्रकारिता की है। उनके निधन से शहर के मीडिया जगत को एक बहुत बड़ी हानि हुई है, उन्हें हमेशा सकारात्मक पत्रकारिता के लिए याद किया जाएगा।

जी न्यूज़ 24 परिवार की ओर से दिवंगत आत्मा को भावपूर्ण श्रद्धांजलि... ॐ शांति ! 

Reactions

Post a Comment

0 Comments