G.NEWS 24 : प्रदेश में एक बार फिर शुरू होगी बारिश !

कहीं-कहीं बौछारें पड़ सकती हैं...

प्रदेश में एक बार फिर शुरू होगी बारिश !

वर्तमान में किसी प्रभावी मौसम प्रणाली के सक्रिय नहीं रहने से दिन के तापमान में वृद्धि होने लगी है। शनिवार को मध्य प्रदेश में सबसे अधिक 35.8 डिग्री सेल्सियस तापमान खजुराहो में दर्ज हुआ। वातावरण में नमी रहने और तापमान में बढ़ोतरी होने से प्रदेश में अलग-अलग क्षेत्रों में बारिश भी हो रही है। राजधानी में भी कई स्थानों पर तेज बौछारें पड़ीं। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक रविवार को जबलपुर, नर्मदापुरम, भोपाल और इंदौर संभाग में कहीं-कहीं बौछारें पड़ सकती हैं। 23 सितंबर से प्रदेश में एक बार फिर बारिश की गतिविधियों में तेजी आ सकती है। 

मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक मानसून द्रोणिका बीकानेर, गुना, मंडला, राजनांदगांव, गोपालपुर से होते हुए बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है। बंगाल की खाड़ी में अलग-अलग स्थानों पर हवा के ऊपरी भाग में दो चक्रवात बने हुए हैं। उत्तरी राजस्थान पर भी हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बना हुआ है। वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि किसी प्रभावी मौसम प्रणाली के सक्रिय नहीं रहने से बारिश का दौर लगभग थम गया है। इस वजह से अधिकतम तापमान बढ़ने लगा है। 

बंगाल की खाड़ी में बने दोनों चक्रवात के आपस में संबद्ध होकर 23 सितंबर को कम दबाव के क्षेत्र में परिवर्तित होने की संभावना है। कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से मध्य प्रदेश में एक बार फिर बारिश की गतिविधियां शुरू हो सकती हैं। हालांकि वर्तमान में मानसून द्रोणिका के मध्य प्रदेश से गुजरने से कुछ नमी आने का सिलसिला बना हुआ है। इस वजह से तापमान बढ़ने पर अलग-अलग क्षेत्रों में बारिश हो रही है। 

राजधानी में चार साल बाद शनिवार सबसे गर्म दिन शनिवार को राजधानी में अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो इस सीजन का सबसे अधिक है। शनिवार को चार साल बाद सबसे गर्म दिन रहा। इसके पहले छह सितंबर 2020 को शहर का अधिकतम तापमान 35.1 डिग्री से. दर्ज किया हुआ था। शनिवार को सुबह साढ़े आठ बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक दमोह में 20 और नर्मदापुरम में 0.6 मिलीमीटर बारिश हुई है।

Reactions

Post a Comment

0 Comments