G.NEWS 24 : राजस्व महाभियान 2.0 के तहत हुआ 49,15,311 मामलों का त्वरित निराकरण

मुख्यमंत्री ने टीम और नागरिकों को दी बधाई...

राजस्व महाभियान 2.0 के तहत हुआ 49,15,311 मामलों का त्वरित निराकरण

मध्य प्रदेश सरकार के 18 जुलाई से 31 अगस्त तक आयोजित "राजस्व महाभियान 2.0" में 49 लाख 15 हजार 311 मामलों का त्वरित निराकरण किया गया। इस महाभियान का उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं का तेजी से समाधान करना और उन्हें सुगम सेवाएं उपलब्ध कराना था। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस अभियान की सफलता पर गर्व जताते हुए इसे जनसेवा के संकल्प का परिणाम बताया। 

इससे पहले राजस्व महाभियान 1.0 में 30 लाख से अधिक राजस्व प्रकरणों का निराकरण किया गया था। राजस्व महाभियान 2.0 के तहत नामांतरण, बंटवारा, अभिलेख दुरुस्ती और नक्शा तरमीम जैसे मामलों को प्राथमिकता के साथ हल किया गया। इसके साथ ही, 88 लाख से अधिक ई-केवाईसी भी पूरी की जा चुकी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में चलाए गए दोनों राजस्व महाभियानों में अब तक लगभग 80 लाख राजस्व प्रकरणों का निराकरण किया गया है, जो प्रदेश के नागरिकों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए एक बड़ी उपलब्धि है। 

मुख्यमंत्री ने नागरिकों को बेहतर सेवाएं प्रदान करने के लिए समर्पित अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम को बधाई दी। उन्होंने उन नागरिकों को भी बधाई दी जिनके लंबित मामलों का निराकरण हुआ है। मुख्यमंत्री ने अपने ट्वीट में कहा कि मुझे बताते हुए खुशी हो रही है कि यह महाभियान नागरिकों की समस्याओं के निराकरण में काफी कारगर सिद्ध हुआ है।

Reactions

Post a Comment

0 Comments