G News 24 : निगम कमिश्नर ने की कसावट तो एक ही सम्पत्ति से मिले 3 करोड़ 5 लाख !

 ग्वालियर में इतनी राशि का सम्पत्तिकर मिलने से राजस्व विभाग के अधिकारी उत्साहित है...

निगम कमिश्नर ने की कसावट तो एक ही सम्पत्ति से मिले 3 करोड़ 5 लाख !

ग्वालियर। नगर निगम के नये कमिश्नर अमन वैष्णव ने ग्वालियर में पदस्थ होते ही विभागीय कामकाजों में कसावट कर दी है। उन्होंने पेंडिंग काम निपटाने के साथ साथ शहर की सड़कों की हालत सुधारने, स्वच्छता अभियान को गति देने के साथ संपत्तिकर वसूली में भी तेजी लाई हैं। गुरूवार को ग्वालियर में इसी के तहत एक ही सम्पत्ति से रिकार्ड सम्पत्ति कर लगभग 3 करोड़ 5 लाख रूपये प्राप्त किया है। ग्वालियर में इतनी राशि का सम्पत्तिकर मिलने से राजस्व विभाग के अधिकारी उत्साहित है। निगम कमिश्नर अमन वैष्णव ने सभी राजस्व अधिकारियों को बकाया सम्पत्तिकर वसूलने के लिये विशेष प्रयास करने के निर्देश दिये हैं। 

निगम आयुक्त अमन वैष्णव ने बताया कि विगत 2 वर्षों से नगर निगम द्वारा निगम सीमांतर्गत वार्ड-30 एवं वार्ड-31 में स्थित भारतीय रक्षा अनुसंधान तथा विकास स्थापना संगठन केन्द्र की सम्पत्तियों को दी जा रही सेवाओं के फलस्वरूप सर्विस चार्ज की राशि हेतु पत्राचार किया जा रहा था। जिसके तहत गुरूवार को वार्ड 30 में 3 करोड, वार्ड 31 में 1 लाख 34 हजार सौ रुपये प्राप्त हुये हैं। उन्होंने बताया कि अन्य शासकीय विभागों से भी नगर निगम सम्पत्ति कर विभाग की टीम द्वारा लगातार पत्राचार किया जा रहा है एवं भविष्य में अन्य शासकीय संपत्तियों से भी यूजर चार्ज की राशि प्राप्त की जाने की कार्यवाही की जाएगी। निगम द्वारा गुरूवार को अन्य कर दाताओं से वसूली गई राशि सहित 3 करोड 23 लाख 26 हजार 859 रूपये सम्पत्तिकर के रूप में प्राप्त हुए हैं।

Reactions

Post a Comment

0 Comments