G News 24 : उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश के 17 जिलों में भारी वर्षा होने के आसार !

 प्रदेश में मजबूत वेदर सिस्टम एक्टिव,17 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट...

उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश के 17 जिलों में भारी वर्षा होने के आसार !

भोपाल। गहरा अवदाब का क्षेत्र कोलकाता के पास बना हुआ है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक इसके प्रभाव से सोमवार से उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश में वर्षा होने के आसार हैं। विशेषकर रीवा, शहडोल और सागर संभाग के जिलों में कहीं-कहीं भारी वर्षा भी हो सकती है। शेष क्षेत्रों में भी गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। उधर, रविवार को सुबह साढ़े आठ बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक नर्मदापुरम एवं रीवा में तीन और दमोह में एक मिलीमीटर वर्षा हुई।

मौसम प्रणाली

मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक, वर्तमान में कोलकाता के पास गहरा अवदाब का क्षेत्र बना हुआ है। मानसून द्रोणिका फिरोजपुर, पटियाला, शाहजहांपुर, बलिया से गहरे अवदाब के क्षेत्र से होकर बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है। उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश एवं उससे लगे उत्तराखंड पर हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बना हुआ है। गुजरात पर भी हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात मौजूद है। पाकिस्तान के आसपास एक पश्चिमी विक्षोभ द्रोणिका के रूप में बना हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि गहरा अवदाब का क्षेत्र काफी धीमी गति से आगे बढ़ रहा है। मंगलवार को इस मौसम प्रणाली के कुछ कमजोर पड़ने के साथ ही झारखंड एवं उससे लगे उत्तरी छत्तीसगढ़ तक पहुंचने के आसार हैं।

रीवा, शहडोल एवं सागर में बारिश

हालांकि गहरे अवदाब के प्रभाव से सोमवार को रीवा, शहडोल एवं सागर संभाग के जिलों में भारी से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। प्रदेश के शेष क्षेत्रों में भी गरज-चमक के साथ हल्की बौछारें पड़ सकती हैं। मंगलवार से प्रदेश में वर्षा की गतिविधियों में कुछ और तेजी आने की भी संभावना है।

Reactions

Post a Comment

0 Comments