G News 24 : ग्‍वालियर नगर निगम आयुक्‍त हर्ष सिंह गए डिंडौरी,अब अमन वैष्‍णव को मिला ग्‍वालियर

 प्रदेश में तबादलों की शुरुआत-भोपाल संभाग आयुक्‍त और ग्वालियर नगर निगम आयुक्त से...

ग्‍वालियर नगर निगम आयुक्‍त हर्ष सिंह गए डिंडौरी,अब अमन वैष्‍णव को मिला ग्‍वालियर 

ग्वालियर। मध्यप्रदेश में देर रात के बाद बड़ी प्रशासनिक सर्जरी की गई। इसमें अनेक आईएएस अधिकारी बदले गए। भोपाल संभाग आयुक्त के साथ शहडोल, मंडला, राजगढ़, विदिशा, बालाघाट,डिंडौरी, अनूपपुर और नीमच के कलेक्टर बदल दिए गए हैं। ग्वालियर निगम आयुक्त को भी बदल दिया गया है। सरकार ने 26 आईएएस अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं।

आधी रात के बाद किए गए तबादले में सचिन सिन्‍हा को राजस्‍व मंडल ग्‍वालियर का प्रशासकीय सदस्‍य बनाया गया है। संजीव कुमार झा अब प्रमुख सचिव होंगे।उमाकांत उमराव को अब श्रम विभाग का प्रमुख सचिव बनाया गया है। सोनाली वायंगणकर को सामाजिक न्‍याय और दिव्‍यांगजन सशक्तिकरण विभाग का प्रमुख सचिव बनाया गया है।

पर्यावरण नियोजन एवं समन्‍वय संगठन एप्‍को भोपाल के कार्यपालन संचालक संजीव सिंह अब भोपाल संभाग के आयुक्‍त होंगे। मदन विभीषण नागरगोजे को राजस्‍व मंडल ग्‍वालियर का सदस्‍य बनाया गया है। अजय गुप्‍ता अब किसान कल्‍याण तथा कृषि विकास विभाग के संचालक होंगे।

तन्‍वी सुंद्रियाल को संचालक बजट बनाया गया है, वहीं तरुण राठी अब विशेष कर्तव्‍यस्‍थ सह आयुक्‍त स्‍वास्‍थ्‍य सेवाएं होंगे। नीमच कलेक्‍टर दिनेश जैन को अपर सचिव पंचायत और ग्रामीण विकास विभाग बनाया गया है। उप सचिव दीपक आर्य को मध्‍य प्रदेश ग्रामीण सड़क विकास प्राधिकरण का मुख्‍य कार्यपालन अध‍िकारी बनाया गया है। शहडोल तरुण भटनागर को उपसचिव बनाया गया है। उप सचिव केदार सिंह अब शहडोल कलेक्‍टर होंगे।

सोमेश मिश्रा को मंडला कलेक्‍टर बनाया गया है। वे मध्‍य प्रदेश राज्‍य कौश विकास विभाग के मुख्‍य कार्यपालन अध‍िकारी थे। बालाघाट कलेक्‍टर गिरीश कुमार मिश्रा अब राजगढ़ कलेक्‍टर होंगे। डिंडौरी कलेक्‍टर विकास मिश्रा को उपसचिव बना दिया गया है। अनूपपुर कलेक्‍टर आशीष वशिष्‍ठ को प्रबंध संचालक राज्‍य इलेक्‍ट्रॉनिक्‍स विकास निगम बनाया गया है। मंडला कलेक्‍टर डॉ सलोनी सिडाना को विशेष कर्तव्‍यस्‍थ सह आयुक्‍त भारतीय चिकित्‍सा पद्ध‍त‍ि बनाया गया है।

विदिशा कलेक्‍टर बुद्धेश कुमार वैद्य गृह विभाग में उपसचिव बनाए गए हैं। जनसंपर्क संचालक रोशन कुमार सिंह अब विदिशा के कलेक्‍टर होंगे। जिला पंचायत उज्‍जैन के मुख्‍य कार्यपालन अध‍िकारी मृणाल मीना अब बालाघाट के कलेक्‍टर होंगे। ग्‍वालियर नगर निगम आयुक्‍त हर्ष सिंह को डिंडौरी कलेक्‍टर बना दिया गया है। भोपाल के अपर कलेक्‍टर हिमांशु चंद्रा को नीमच का कलेक्‍टर बनाया गया है। उप सचिव अंशुल चंद्रा अब संचालक जनसंपर्क होंगे। अनूपपुर के अपर कलेक्‍टर अमन वैष्‍णव को ग्‍वालियर नि‍गम आयुक्‍त बनाया गया है।

Reactions

Post a Comment

0 Comments