चीन, रसिया व अमेरिका की टक्कर की होगी GWALIOR की BSL-4 लैब…
देश को बायोलॉजिकल एवं केमिकल सुरक्षा और अनुसंधान में आत्मनिर्भर बनाएगा ग्वालियर में स्थापित DRDE
ग्वालियर। ग्वालियर में स्थापित DRDE (रक्षा अनुसंधान एवं विकास स्थापना) देश को बायोलॉजिकल एवं केमिकल सुरक्षा और अनुसंधान में आत्मनिर्भर बनाएगा। दोनों ही क्षेत्रों में डिटेक्शन संबंधी अनुसंधान एवं बायो डिटेक्टर संबंधी अनुसंधान भी अब लैब में किए जाएंगे। इसके लिए 400 करोड़ की लागत वाला BSL-4 (बायोलॉजिकल सेफ्टी लैब-4) प्रोजेक्ट पहले ही मिल चुका है। इस पर काम भी शुरू हो चुका है। इसके अगले चरण में 100 करोड़ की लागत वाला बायो डिटेक्टर प्रोजेक्ट भी DRDE को दिए जाने पर विचार हो रहा है। इसकी वजह यहां स्थापित होने जा रही BSL-4 लैब है जो अत्याधुनिक उपकरणों से लैस विश्वस्तरीय लैब होगी जिसमें बायो डिटेक्टर के प्रोजेक्ट पर आसानी से अनुसंधान हो सकेंगे। DRDE को दिए गए नए टास्क की समीक्षा के लिए लाइफ साइंस के महानिदेशक उपेंद्र कुमार सिंह ने 4-5 अगस्त को DRDE के वैज्ञानिकों के साथ बैठक की।
बैठक में नई लैब के निर्माण व अनुसंधान उपकरण के संबंध में चर्चा की। लैब की थ्री लेयर सुरक्षा कवच निर्माण के संबंध में वैज्ञानिकों व निर्माण प्रक्रिया देख रहे अधिकारियों से बात की है। BSL-4 लैब देश की पहली आधुनिक बायोलॉजिकल सेफ्टी लैब होगी। यह लैब अमेरिका, रूस एवं चीन के समकक्ष होगी। ऐसी आधुनिक सुविधाओं वाली लैब अभी भारत में कोई नहीं है। अभी देश में पुणे स्थित बायोलॉजिकल लैब ही सबसे आधुनिक है लेकिन इस लैब में उपकरण काफी पुराने हैं। ग्वालियर की नई लैब में अत्याधुनिक उपकरण लगाए जाएंगे। लैब को थ्री लेयर सिक्युरिटी में बनाया जाएगा। इस लैब में विशेष अनुसंधान करने वाले वैज्ञानिक एक विशेष सुरक्षित सूट पहन कर ही प्रवेश कर सकेंगे। इस लैब में हवा व प्रकाश का भी प्रवेश नहीं होगा। लैब के अंदर हवा फिल्टर होकर ही प्रवेश करेगी और लैब से बाहर भी हवा फिल्टर होकर ही निकलेगी। लैब में इमरजेंसी एग्जिट भी रहेगा। इस आधुनिक लैब में सभी तरह के बैक्टीरिया एवं वायरस पर रिसर्च तत्परता एवं सुरक्षा से किया जा सकेगा। जापान, भारत के साथ बायो डाइजेस्टर तकनीकी पर काम करने का इच्छुक
DRDE बायो डाईजेस्टर तकनीकी के लिए जापान की कंपनियों ने भारत के साथ मिलकर अनुसंधान करने के लिए हाथ बढ़ाया है। जापान में भी यह तकनीकी है लेकिन वह अधिक महंगी हैं और DRDE की बायो डाइजेस्टर की तरह सफल भी नहीं है। इसी कारण जापान की कुछ कंपनियां DRDE के साथ मिलकर बायो डाइजेस्टर तकनीकी का विकास करना चाहती हैं। इस पर अभी दोनों देशों के बीच विचार चल रहा है। नई लैब की सुरक्षा के लिए 140 एकड़ के परिसर मैं लगभग 500 मीटर की दूरी पर एक वॉच टावर निर्माण किया जाएगा। लगभग 100 वॉच टावर परिसर के चारों ओर बनाए जाएंगे। इन टावरों पर सशस्त्र बल के जवान आधुनिक हथियारों के साथ लैब की सुरक्षा के लिए तैनात किए जाएंगे। सेना की छावनी जैसा नजारा होगा। DRDE के निदेशक डॉ. एमएम परीडा ने बताया कि स्वतंत्रता के 75 वें अमृत उत्सव में देश को जैव एवं रासायनिक सुरक्षा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाना है। DRDE की नई लैब इस दिशा में काम करेगी।
0 Comments